दन्तेवाड़ा
-सुशील राठौर
दंतेवाड़ा, 21 अप्रैल (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। दंतेवाड़ा में विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा शालेय छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। इसके फलस्वरुप छात्रों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत धनीकरका में गुरुकुल आवासीय विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। उक्त संस्था में सैकड़ों छात्र अध्ययन करते हैं। वर्तमान में यह संस्था विद्युत की सुविधा से कोसों दूर है। इसकी वजह संस्था परिसर में स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होना है। जिससे विद्यालय में अध्यनरत छात्रों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। जिससे गंभीर हादसे की प्रबल आशंका है।
जब ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता इस सडक़ से गुजर रहा था। संस्था के छात्रों द्वारा सडक़ के समीप हैंडपंप से पानी लिया जा रहा था।
बच्चों से इस संबंध में जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि आवासीय विद्यालय में रविवार से बिजली बंद है। इस कारण से उन्हें हैंडपंप से पानी लेना पड़ रहा है। बच्चों ने बताया कि बिजली के बिना बड़ी परेशानी हो रही है। समाचार लिखे जाने तक विद्युत की व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी थी।
पता करता हूं - कार्यपालन अभियंता
इस समस्या की जानकारी छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के कार्यपालन अभियंता श्री सिंह को ‘छत्तीसगढ़’ ने दी। जिस पर उन्होंने बताया कि कर्मचारियों से समस्या के संबंध में पता करता हूं। इसके उपरांत कार्रवाई की जाएगी।


