दन्तेवाड़ा

जनगणना प्रशिक्षण में दी जा रही तकनीकी जानकारी
18-Apr-2026 9:47 PM
जनगणना प्रशिक्षण में दी जा रही तकनीकी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 18 अप्रैल। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में  जनगणना- 2027 के द्वितीय चरण का तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शनिवार से आरंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं, प्रपत्रों को संधारण तथा डिजिटल डेटा प्रविष्टि की बारीकियों से अवगत कराना है।

इस दौरान जिला जनगणना अधिकारी मूलचंद चोपड़ा ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह शासन की विकास योजनाओं और नीतियों की आधारशिला है। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं ईमानदारी के साथ करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षण एवं अभ्यास सत्रों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

इस प्रशिक्षण में जिले की 5 तहसीलों एवं 2 नगर पंचायतों के कुल 223 कर्मियों को शामिल किया गया है, जिसमें 188 प्रगणक एवं 35 पर्यवेक्षक शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों को 6 अलग-अलग बैचों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति को विस्तार से समझने और अभ्यास करने का अवसर मिल सके।

अनुपस्थित प्रगणकों को नोटिस

इसके साथ ही प्रशिक्षण के पहले दिन तहसील दंतेवाड़ा एवं नगर पंचायत गीदम के एक-एक प्रगणक अनुपस्थित पाए गए। इस पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित चार्ज जनगणना अधिकारियों के माध्यम से अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

इस प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना अधिकारी एवं संबंधित चार्ज जनगणना अधिकारी द्वारा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।


अन्य पोस्ट