दन्तेवाड़ा

दंतेवाड़ा में 12 सडक़ों की मंजूरी, सडक़ों से विकास को गति -विधायक
17-Apr-2026 10:50 PM
दंतेवाड़ा में 12 सडक़ों की मंजूरी, सडक़ों से विकास को गति -विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 17 अप्रैल। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना ,चौथे चरण के कार्यों का जशपुर नगर स्थित रणजीता स्टेडियम में शुक्रवार को शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण देखा गया।

प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना 4थे चरण के तहत दंतेवाड़ा को  12 नई सडक़ों (43.16 किमी ) की सौगात मिली। इनकी अनुमानित लागत 3935.90 लाख रुपए आएगी। ग्राम सडक़ योजना के तहत स्वीकृत इन 12 सडक़ों का निर्माण दंतेवाड़ा, गीदम, कटेकल्याण और कुआकोंडा विकास खंडों में किया जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि आज प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा दंतेवाड़ा जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अंतर्गत विकास कार्यों का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया जाना जिले के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने जिलेवासियों की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी। विधायक ने बताया कि प्रथम चरण में 12 सडक़ों का भूमिपूजन किया जा रहा है। आगामी समय में 38 और सडक़ों की स्वीकृति मिलने की संभावना है, जिससे विकास कार्यों का दायरा और व्यापक होगा।

इस कार्यक्रम में  अध्यक्ष,जिला पंचायत नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत सडक़ों की स्वीकृति मिलने से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इन सडक़ों के निर्माण से कई गांव सीधे मुख्यालय से जुड़ जाएंगे, जिससे आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और तेज होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अब स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही किसानों को भी अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में लाभ मिलेगा।

श्री मुड़ामी ने इस पहल को क्षेत्र के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।  इससे गांवों की तस्वीर तेजी से बदलेगी।

इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर और  पीएमजीएसवाय के अभियंता वैभव देवांगन मुख्य रूप से मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि प्रमुख मार्गों में दंतेवाड़ा से कुदेंली, ठोठापारा से टेमरुभाटा, पाहुरनार रोड से कौरगांव, पाहुरनार से बड़ेकरका, तालनार से मुंडेर तथा हिड़पाल रोड से बालेंगपाल शामिल हैं। इसके अलावा डोंगरीपारा से गिरसापारा, गुड़से से पुजारीपारा (मिचगोंदी), सुरनार से कुम्हारपारा और हल्बारास, मैलावाड़ा से जरीपारा, कोरीरास-टिकनपाल मार्ग से लेंड्रा, पालनार पेरमापारा से अचेली की महत्वपूर्ण ग्रामीण सडक़ों का निर्माण किया जएगा।


अन्य पोस्ट