दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 17 अप्रैल। व्यापमंं द्वारा आगामी 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा के सुचारु एवं सफल संचालन के लिए कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नोडल अधिकारी भरत राम ध्रुव ने की।
बैठक में जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त आब्जर्वर, उडऩदस्ता दल के सदस्य, समन्वय केंद्र से नियुक्त पर्यवेक्षक तथा जिले के सभी परीक्षा केन्द्राध्यक्ष उपस्थित रहे। इस दौरान परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। नोडल अधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
बैठक में परीक्षा केन्द्रों में अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, प्रश्न पत्रों के सुरक्षित परिवहन एवं समयबद्ध वितरण की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की गई।
अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


