दन्तेवाड़ा

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान का शुभारंभ
15-Apr-2026 9:59 PM
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 15 अप्रैल। बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ का शुभारंभ बचेली नगर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बचेली में हुआ, जहां नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने अभियान की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को उनके निवास स्थान के समीप ही स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि अभियान के तहत सभी आयु वर्ग के लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही नागरिकों का डिजिटल आयुष्मान हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सुरक्षित रखी जा सके।

अभियान में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोतियाबिंद, टीबी, मलेरिया और एनीमिया जैसी बीमारियों की पहचान कर उपचार एवं आवश्यकतानुसार रेफरल की व्यवस्था भी शामिल है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को गांव, टोला और पारा स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

इस अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा सुकमा से किया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने नागरिकों से अभियान का लाभ लेने और स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।

 


अन्य पोस्ट