दन्तेवाड़ा

साइबर ठगी, राजस्थान से 4 आरोपी गिरफ्तार
14-Apr-2026 10:44 PM
साइबर ठगी, राजस्थान से 4 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 14 अप्रैल। साइबर धोखाधड़ी के मामलों की जांच के दौरान दंतेवाड़ा पुलिस ने चार आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दंतेवाड़ा लाया गया है।

पुलिस ने बताया कि थाना गीदम और बचेली में दर्ज साइबर धोखाधड़ी प्रकरणों की जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण और साइबर फॉरेंसिक तकनीक का उपयोग किया गया। जांच में कुछ संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर राजस्थान के नागौर और अन्य क्षेत्रों तक पहुंच बनाई गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अर्चित गुजराती (20 वर्ष), आदिल हुसैन (24 वर्ष), अमित वर्मा (21 वर्ष) और भूपेन्द्र जांगीड़ (23 वर्ष) सभी निवासी राजस्थान शामिल हैं।

जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपी बैंक खातों की अवैध खरीदी-बिक्री और साइबर धोखाधड़ी से जुड़े कार्यों में संलिप्त थे। आरोप है कि वे अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों के माध्यम से मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग कर धोखाधड़ी को अंजाम देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और नकद राशि जब्त की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न राज्यों में आरोपियों के खिलाफ साइबर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है।

मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट