दन्तेवाड़ा

पेयजल व्यवस्था सुधारने कलेक्टर पहुंचे लाल पानी के सोर्स तक, 7 दिन में रिपोर्ट का अल्टीमेटम
13-Apr-2026 4:17 PM
पेयजल व्यवस्था सुधारने कलेक्टर पहुंचे लाल पानी के सोर्स तक, 7 दिन में रिपोर्ट का अल्टीमेटम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 13 अप्रैल। बचेली शहर में लंबे समय से जारी पेयजल संकट, खासकर ‘लाल पानी’ की समस्या को लेकर अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल की पहल पर दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने बचेली का निरीक्षण कर समस्या की जड़ तक पहुंचने का प्रयास किया। कलेक्टर ने सीधे पहाड़ी क्षेत्र में स्थित एनएमडीसी के 5 नंबर स्क्रीनिंग प्लांट और डिपॉजिट-05 (रॉ वाटर सोर्स) का दौरा किया। यहां पानी में घुली लाल मिट्टी और दूषित स्थिति को देखकर उन्होंने गहरी चिंता जताई और स्पष्ट सुधारने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने एनएमडीसी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग  और नगर पालिका की संयुक्त टीम को निर्देश दिया कि वे 7 दिनों के भीतर विस्तृत निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

उन्होंने साफ कहा कि यह रिपोर्ट केवल औपचारिक न होकर ठोस समाधान के साथ होनी चाहिए, जिससे समस्या का स्थायी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

फिल्टर प्लांट और तकनीकी सुधार पर फोकस

कलेक्टर धु्रव ने फिल्टर प्लांट का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिरिक्त पाइपलाइन का विस्तार किया जाए, सेटलिंग टैंक का निर्माण जल्द शुरू हो, आधुनिक तकनीकों के माध्यम से जल शुद्धिकरण क्षमता बढ़ाई जाए।  उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि दीर्घकालिक जल प्रबंधन प्रणाली विकसित करना आवश्यक है।

पेयजल के साथ-साथ कलेक्टर ने शहर के अन्य विकास कार्यों का भी जायजा लिया।  ट्रांसपोर्ट नगर फेस-2 में अतिरिक्त नागरिक सुविधाएं जोडऩे के निर्देश,  वार्ड-01 छठ घाट निर्माण कार्य पर, मंगल भवन जर्जर स्थिति पर तत्काल जीर्णोद्धार का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

इस दौरान पालिकाध्यक्ष राजू जायसवाल सहित उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णाराव, लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग के एसडीओ देवेन्द्र आरमो, ईई जगदीश कुमार ,एनएमडीसी सिविल विभाग से अभिषेक प्रसाद, अखिलेश दीवान, आमिर खान, पालिका इंजीनियर संतोष नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेंदु चक्रवर्ती, पार्षद धनसिंह नाग, अन्य उपस्थित रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने कहा -बचेली की जनता को स्वच्छ पानी दिलाना हमारी पहली प्राथमिकता है। कलेक्टर साहब ने खुद मौके पर जाकर स्थिति देखी है, हमें विश्वास है कि अब स्थायी समाधान जरूर निकलेगा


अन्य पोस्ट