दन्तेवाड़ा

दो युवकों पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
09-Apr-2026 10:36 PM
दो युवकों पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 9 अप्रैल। बचेली थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने गंभीर हिंसा का रूप ले लिया, जहां लोहे के धारदार हथियार से हमला कर दो युवकों को घायल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे कॉलोनी बचेली निवासी मनीष महानंद अपने दोस्त कार्तिक के साथ 8 अप्रैल को शराब खरीदकर लौट रहे थे। रास्ते में ईंटा भ_ी के पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो खड़ी थी। गाड़ी निकालने में मदद मांगने पर स्कॉर्पियो चालक जोगा राम कुंजाम ने नशे की हालत में गाली-गलौच शुरू कर दी और मनीष का कॉलर पकड़ लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

इसके बाद मनीष और कार्तिक वहां से हटकर एक दुकान के पीछे बैठकर शराब पीने लगे। तभी आरोपी जोगा राम कुंजाम वहां पहुंचा और पुरानी बात को लेकर दोनों पर हमला कर दिया। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे के धारदार हथियार से मनीष के सिर और चेहरे पर वार किया।

 बीच-बचाव करने आए कार्तिक पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ की दो उंगलियां कट गईं और सिर पर भी चोट आई। दोनों युवक किसी तरह जान बचाकर मौके से भागे और घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग के उच्चाधिकारियो के निर्देशन व मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत धारा 296 एवं 109(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे 9 अप्रैल  को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट