दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 4 अप्रैल। गीदम थाना क्षेत्र में 14 जनवरी की रात हुई एक घटना को लेकर पत्रकारों ने नाराजगी जताई है और मामले की जांच की मांग की है।
इस संबंध में दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पद और अधिकारों के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, एक घटना की कवरेज के लिए थाना पहुंचे पत्रकार डीएम सोनी और उनके पुत्र के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। इस संबंध में भाजपा से जुड़े कुछ व्यक्तियों पर गाली-गलौच और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
बताया गया कि स्थिति बिगडऩे पर पुलिस बल को बुलाया गया। प्रारंभ में पत्रकार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।
पीडि़त पक्ष का आरोप है कि बाद में मामले को प्रभावित करने का प्रयास किया गया और शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया।
पीडि़त पक्ष की ओर से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए मामला गीदम से दंतेवाड़ा थाना स्थानांतरित कराया गया। इसके बाद यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के कुछ समय बाद दूसरी ओर से आवेदन लेकर पत्रकार, उनके पुत्र और एक अन्य पर एफआईआर दर्ज की गई।
इस घटना को लेकर पत्रकार संगठनों ने पुलिस अधीक्षक गौरव राय से मुलाकात कर जांच और कार्रवाई की मांग की।
जिला अध्यक्ष आजाद सक्सेना ने कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने इसे ‘पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर सीधा हमला’ बताया।