दन्तेवाड़ा

91वां उत्कल दिवस, मनमोहक प्रस्तुति
04-Apr-2026 11:12 PM
91वां उत्कल दिवस, मनमोहक प्रस्तुति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 4 अप्रैल। उत्कल कला साहित्य संस्थान द्वारा बचेली में गत बुधवार को 91वां उत्कल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिविल उपमहाप्रबंधक सीताराम डहरिया एवं संस्था के सचिव व परियोजना के वर्कर्स विभाग के सहायक महाप्रबंधक सुमन कल्याण सुबुद्धि के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खेलों के माध्यम से महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी दर्शकों का दिल जीत लिया और अपनी कला से कार्यक्रम में रंग भर दिया। उपस्थित जनों ने बच्चों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि श्री डहारिया द्वारा प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन सुरेश सुनानी द्वारा बेहद प्रभावी और कुशलतापूर्वक किया गया, जिसने पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा।

इस आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सदस्यों दीनबंधु, कृष्णा, सोमेंद्र साहू, प्रदीप नायक, सीमांचल साहू, दिलीप मिश्रा, किशोर पाणिग्राही सहित सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया।


अन्य पोस्ट