दन्तेवाड़ा

नवाचार से विद्यार्थियों का भविष्य उज्जवल - केंद्रीय मंत्री
01-Apr-2026 3:21 PM
नवाचार से विद्यार्थियों का भविष्य उज्जवल - केंद्रीय मंत्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 1 अप्रैल। केंद्रीय राज्य मंत्री (युवा मामले एवं खेल) रक्षा निखिल खडसे ने ‘सक्षम’ परिसर का दौरा करते हुए आस्था विद्यालय एवं नवगुरुकुल का मंगलवार को अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और नवाचारों की सराहना की तथा बच्चों के समग्र विकास के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।

‘सक्षम’ विद्यालय में श्रीमती खडसे ने फिजियोथेरेपी कक्ष, शयन कक्ष एवं मेस का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। विद्यालय भ्रमण के दौरान बच्चों ने मनमोहक संगीत प्रस्तुति दी, जिसने सभी का मन मोह लिया।

केंद्रीय मंत्री ने बच्चों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव, पढ़ाई और भविष्य के सपनों के बारे में भी जाना। मंत्री श्रीमती खडसे ने ‘सक्षम’ की इस समग्र एवं नवाचारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास नई पीढ़ी को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी क्रम में उन्होंने आस्था विद्यालय में उन्होंने साइंस लैब का भी अवलोकन किया, जहां बच्चों द्वारा किए जा रहे प्रयोगों और वैज्ञानिक गतिविधियों को देखकर उन्होंने विशेष रूप से प्रोत्साहित किया और उनके भावी करियर के बारे में जानना चाहा। इसके पश्चात उन्होंने नवगुरुकुल का दौरा किया, जहां चल रही कोडिंग कक्षाओं को देखा।

उन्होंने विशेष रूप से इस पहल की सराहना की कि कैसे बच्चों को कोडिंग के माध्यम से रोजगार से जोड़ा जा रहा है। यहां के विद्यार्थी न केवल तकनीकी ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि प्लेसमेंट के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार भी हासिल कर रहे हैं। यह पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रही है।

 इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, डायरेक्टर एसएआई ममता ओझा, पीएस टू एमओएस निशा अनंत, डायरेक्टर स्पोटर्स छत्तीसगढ़ तनुजा सलाम और एपीएस अतुल महाजन प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट