दन्तेवाड़ा
कैडर डेवलपमेंट प्रशिक्षण से संगठन में नई ऊर्जा और मजबूती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली /किरंदुल, 30 मार्च। मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) किरंदुल द्वारा संगठन को अधिक मजबूत, जागरूक और प्रभावशाली बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में 22 मार्च को अध्यक्ष विनोद कश्यप एवं सचिव ए.के. सिंह के नेतृत्व में कैडर डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
इस पहल से श्रमिक साथियों के बीच नई ऊर्जा, जागरूकता और सीखने की उत्सुकता देखने को मिली, जिससे पूरे संगठन में सकारात्मक माहौल बना।
इस प्रशिक्षण श्रृंखला का दूसरा सत्र 29 मार्च को आयोजित किया गया, जिसमें यूनियन के पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रदेश संगठन सचिव (इंटक) पुष्पलता नाग ने प्रेरणादायक व्याख्यान देते हुए संगठन की एकजुटता, श्रमिक जागरूकता और सशक्त नेतृत्व की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान श्रमिक साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रश्नोत्तर और विचार-विमर्श के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए तथा महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। यह सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि यूनियन के सदस्य स्वयं के विकास और संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
वास्तव में, किसी भी संगठन की मजबूती उसके जागरूक और प्रशिक्षित सदस्यों पर निर्भर करती है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल सदस्यों के व्यक्तित्व विकास में सहायक है, बल्कि यूनियन को अधिक संगठित, सक्षम और श्रमिक हितों के प्रति समर्पित बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।


