दन्तेवाड़ा
बचेली, 29 मार्च। दंतेवाड़ा-बचेली मार्ग पर भाँसी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सडक़ हादसा सामने आया, जब रायपुर से किरंदुल आ रही एक कार अचानक नियंत्रण खो बैठी। तेज रफ्तार में कार सडक़ से उतरकर खेत में जा गिरी और पलटते हुए कई बार घूम गई। मिली जानकरी के अनुसार घटना शनिवार देर शाम की है।
इस हादसे में कार में सवार सभी 8 लोग घायल हो गए, जिनमें 3 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 छोटे बच्चे शामिल हैं। घायलों में एक 6 महीने की मासूम बच्ची भी है, जो हादसे के दौरान वाहन से बाहर जा गिरी और गंभीर चोटें आईं।
घटना की आवाज सुनते ही पास के क्रशर प्लांट के कर्मचारी और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल बचेली पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, एक महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।


