दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 19 मार्च। दंतेवाड़ा के गीदम नगर में पत्रकार रौनक शिवहरे की गिरफ्तारी विगत 13 मार्च को हुई। इस मामले में पुलिस द्वारा सभी तथ्यों की गहन विवेचन की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन ने इस संबंध में बताया कि इस प्रकरण की शरुआत अकुशल ट्रैक्टर चालक द्वारा रौनक के पिता और बेटी को ट्रैक्टर से टक्कर देने से शुरू हुई। इसके उपरांत रौनक के पिता द्वारा आक्रोश में थप्पड़ लगा दिया गया। कुछ देर उपरांत रौनक घर पहुंचा। उसके द्वारा ट्रैक्टर चालक की पिटाई की गई। जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इस मामले में आदिवासी समाज द्वारा रौनक के खिलाफ घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। जिसमें एट्रोसिटी एक्ट और हत्या का प्रयास सहित अन्य आरोप शामिल है। उक्त आवेदन पर गीदम पुलिस द्वारा रौनक के खिलाफ कार्रवाई की गई। उसे हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। श्री बर्मन ने इस मामले पर पुलिस द्वारा बिना किसी दबाव के विवेचना किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा निष्पक्षता से मामले की जांच की जा रही है। इसमें किसी पक्ष के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा।


