दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 19 मार्च। नगर पालिका परिषद बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एसडीएम (राजस्व) कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में बचेली-दंतेवाड़ा क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस शुरू करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि यह क्षेत्र मुख्यत: आदिवासी बहुल है, जहां कई शिक्षित युवा आर्थिक अभाव और उचित मार्गदर्शन के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते। विशेष रूप से एनएमडीसी में निकलने वाली एल1 और एल 2 भर्तियों में स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कोचिंग और सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है।
पालिका अध्यक्ष ने प्रशासन से अनुरोध किया कि जल्द से जल्द कोचिंग कक्षाएं/प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएं, ताकि यहां के युवा इन अवसरों का लाभ उठाकर रोजगार प्राप्त कर सकें।इस दौरान ज्ञापन सौंपते समय पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अरनव चक्रवर्ती सहित अन्य युवा और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ज्ञापन सौंपने के बाद स्थानीय युवाओं में उम्मीद जगी है कि यदि यह पहल जल्द लागू होती है, तो क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा और वे सरकारी नौकरियों में अपनी भागीदारी बढ़ा सकेंगे।


