दन्तेवाड़ा

गैस सप्लाई बाधित होने से बंद हुआ बचेली का इंडियन कॉफी हाउस फिर खुला
18-Mar-2026 10:01 PM
गैस सप्लाई बाधित होने से बंद हुआ बचेली का इंडियन कॉफी हाउस फिर खुला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 18 मार्च। बचेली के हाईटेक कॉलोनी स्थित एनएमडीसी इंडियन कॉफी हाउस में हाल ही में गैस सिलेंडर की कमी के कारण अस्थाई रूप से बंद हो गया था, हालांकि राहत की बात यह है कि अब कॉफी हाउस दोबारा शुरू हो गया है।

जानकारी अनुसार वर्तमान में यहां इलेक्ट्रिक स्टोव के माध्यम से केवल सीमित नाश्ता तैयार किया जा रहा है, जबकि पहले की तरह सभी व्यंजन उपलब्ध नहीं हैं। इसी कारण ग्राहकों की संख्या भी फिलहाल कम है और माहौल अपेक्षाकृत शांत बना हुआ है।

इधर, आम लोगों को भी गैस की कमी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सिलेंडर के लिए लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोगों के घरों में गैस खत्म हो रही है, लेकिन तुरंत सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा, जिसके कारण उन्हें काफी समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।

सिर्फ कॉफी हाउस ही नहीं, बल्कि अन्य छोटे भोजनालय, होटल और दुकानदारों पर भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। गैस की कमी के कारण उनके कामकाज पर भी प्रभाव पड़ा है और कई जगहों पर सीमित सेवाएं ही दी जा रही हैं।

दरअसल, ईरान - इजऱायल के बीच तनाव का असर सप्लाई चेन पर भी पड़ा है, जिससे एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। हालांकि भारत सरकार द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। संबंधित विभागों ने भी आश्वासन दिया है कि आम जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, गैस आपूर्ति से जुड़े जहाजों की आवाजाही फिर से शुरू हो चुकी है और आने वाले कुछ दिनों में सिलेंडर की उपलब्धता बेहतर होने की संभावना है।

 फिलहाल, बचेली में सेवाएं सीमित जरूर हैं, लेकिन स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट