दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दन्तेवाड़ा, 15 मार्च। कलेक्टर सह अध्यक्ष, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन तथा जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा के नेतृत्व में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के तत्वावधान में 22 मार्च को प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण दंतेवाड़ा द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए जिले के चारों विकासखंडों में व्यापक तैयारी की जा रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर विद्यालयों में शिक्षार्थियों की संख्या के आधार पर कुल 455 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां शिक्षार्थी अपनी सुविधा अनुसार निर्धारित समयावधि में परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। परीक्षा में प्रश्न पत्र हल करने के लिए शिक्षार्थियों को 3 घंटे का समय दिया जाएगा।
इस विशेष पहल के रूप में जिला जेल में विचाराधीन बंदियों के लिए भी एक परीक्षा केंद्र बनाया जा रहा है। ऐसे लगभग 70 विचाराधीन बंदी, जो पूर्व में असाक्षर थे और जिला जेल में संचालित साक्षरता कक्षाओं में 200 घंटे की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, वे भी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण दंतेवाड़ा श्री प्रमोद ठाकुर ने चारों विकासखंडों के बीईओ, एबीओ, बीआरसी एवं संकुल समन्वयकों की बैठक लेकर परीक्षा की सभी तैयारियों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में
परीक्षा का प्रश्नपत्र तीन भागों में विभाजित होगा, जिसमें पहला भाग पढऩा, दूसरा लिखना तथा तीसरा गणित से संबंधित होगा। इस परीक्षा के माध्यम से जिले में संचालित साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षार्थियों के बुनियादी ज्ञान का मूल्यांकन किया जाएगा।


