दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 12 मार्च। फर्जी पुलिस या सीबीआई अफसर बनकर नागरिकों से धोखाधड़ी के मामले अक्सर सामने आते हैं। दंतेवाड़ा में प्रशासनिक अधिकारी के नाम से ठगी का प्रयास किया गया।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के नाम का दुरुपयोग करते हुए एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी कॉन्टैक्ट नंबर से कुछ लोगों को संदेश भेजने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कलेक्टर श्री ध्रुव ने स्पष्ट किया है कि उक्त नंबर उनका नहीं है और न ही उनके द्वारा किसी प्रकार का संदेश भेजा गया है।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके नाम का इस्तेमाल कर लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, जो पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी फर्जी नंबर या संदेश पर ध्यान न दें और किसी प्रकार की सहायता या जानकारी साझा न करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार का संदेश प्राप्त होता है तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें जिससे आवश्यक कार्रवाई की जा सके। श्री ध्रुव ने नागरिकों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश के झांसे में न आएं और सतर्कता बरतें।


