दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 27 फरवरी। दंतेवाड़ा में एक सडक़ अपने मरम्मत की बाट जोह रही है। जिससे आवागमन करने वाले वाहनों को सुविधा मिल सके।
जिला मुख्यालय के स्टेट बैंक चौक से गायत्री शक्ति पीठ तक सडक़ अनेक स्थानों पर पूर्णतया समाप्त हो चुकी है। सडक़ की वर्तमान दशा का अनुमान इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि इनडोर स्टेडियम जिला अस्पताल और हाई स्कूल के सामने सडक़ का डामरीकृत भाग पूर्णतया उखड़ चुका है।
इसी कड़ी में उक्त सडक़ का डब्ल्यूएमएम हिस्सा भी उखड़ चुका है। इसके फलस्वरुप इस सडक़ से आवागमन करने वाले वाहनों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय नागरिकों को भी धूल की वजह से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो रही हैं। नागरिकों ने जिला प्रशासन से इस सडक़ के शीघ्र मरम्मत की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा इस सडक़ की जर्जर दशा को सुधारने गड्ढों में मुरम डाली गई। उक्त मरम्मत कुछ ही दिनों तक टिक पाई। वर्तमान में हाई स्कूल के सामने विशालकाय गड्ढा हादसों को आमंत्रण दे रहा है। इस सडक़ से वर्तमान में भारी वाहनों का संचालन जरी है। फागुन मंडई के दौरान इस मार्ग से भारी वाहनों का संचालन दुर्घटना की वजह बन सकता है।
होगी मरम्मत- कलेक्टर
इस समस्या पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि इस सडक़ की जानकारी मिली है। लोकनिर्माण विभाग से विस्तृत ब्यौरा लिया जाएगा। इसके उपरांत सडक़ को दुरुस्त किया जाएगा।


