दन्तेवाड़ा
पारंपरिक गीत-संगीत ने बांधा समा, विशिष्ट योगदान पर सम्मानित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 19 फरवरी। छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति, बचेली द्वारा बीआरसी प्रांगण में बुधवार को पारिवारिक मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति के समस्त सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।
समिति के महासचिव महेंद्र कुमार साहू ने बताया कि समारोह के दौरान किरंदुल से आए सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा मंडल के कलाकारों ने पारंपरिक संगीतमय प्रस्तुतियां दीं। गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे की भावना से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित विभिन्न समितियों, सामाजिक संगठनों, श्रमिक संगठनों तथा पत्रकार संघ के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा विशिष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह की विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं द्वारा परोसे गए स्थानीय व्यंजन रहे, जिनका सभी उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया। इस पारिवारिक मिलन समारोह का मुख्य उद्देश्य सदस्यों एवं उनके परिवारों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना तथा सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना रहा। समिति के सभी सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


