दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा /जगदलपुर,11 फरवरी । दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिरानार में वन विभाग द्वारा अवैध काष्ठ चिरान के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 7 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर की गई।
वन अधिकारियों के अनुसार गीदम वन परिक्षेत्र के अंतर्गत गीदम सर्किल के ग्राम हिरानार में दो अलग-अलग स्थलों पर जांच की गई।
इस दौरान सतीश यादव के पुराने मकान से बीजा लकड़ी के 65 चिरान फारा (0.852 घन मीटर) तथा चमेली बाई के घर से साल लकड़ी के 35 चिरान बरामद किए गए।
वन विभाग के अनुसार दोनों स्थानों से कुल 100 नग चिरान, लगभग 1.600 घन मीटर अवैध काष्ठ जब्त किया गया। मामले में नियमानुसार वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है।
विभाग ने बताया कि कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्तियों को अवैध गतिविधियों के संबंध में समझाइश दी गई तथा ग्रामीणों से वन अधिनियम का पालन करने और अवैध काष्ठ कारोबार से दूर रहने की अपील की गई है। वन विभाग के अनुसार जिले में अवैध काष्ठ चिरान के मामलों पर आगे भी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।


