दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 17 दिसंबर। जिला प्रशासन द्वारा किसानों को पाम आयल की बेहतर उपज लेने हेतु तेलंगाना रवाना किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत नें किसानों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयल पाम योजनान्तर्गत जिले के 60 कृषकों को दो दिवसीय प्रशिक्षण सह भ्रमण पर तेलगांना राज्य के भद्राचलम जिले के अष्वारापेट्टा नगर रवाना किया गया। ज्ञात हो कि उद्यानिकी विभाग, द्वारा जिले में ऑयल पाम की खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों एवं विभागीय अधिकारियों को आधुनिक एवं व्यावहारिक तकनीकी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से दो दिवसीय अध्ययन-भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
इस दो दिवसीय भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा वहां तेलंगाना ऑयल पाम फेडरेशन की ऑयल पाम फैक्टरी का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। यहाँ किसानों को ताजे फलों के गुच्छों से तेल निष्कर्षण की संपूर्ण प्रक्रिया, आधुनिक मशीनरी, गुणवत्ता नियंत्रण, भंडारण व्यवस्था तथा विपणन प्रणाली की जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त तेलंगाना राज्य के तीन विकसित एवं फलधारी ऑइल पाम प्रक्षेत्रों का भी भ्रमण कराया जाएगा, जिससे किसान फसल की वास्तविक स्थिति, उत्पादन क्षमता एवं प्रबंधन प्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें। इसके साथ ही भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत हैदराबाद की तकनीकी टीम द्वारा किसानों को ऑइल पाम की नर्सरी प्रबंधन, उन्नत किस्मों के पौधों का चयन, वैज्ञानिक पद्धति से पौधरोपण, उद्यान प्रबंधन, एफएफबी उत्पादन, कटाई एवं परिवहन, तथा फैक्टरी से समन्वय व्यवस्था के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ ही ऑइल पाम खेती की लागत-लाभ संरचना, दीर्घकालीन आर्थिक लाभ एवं जिले में इसकी संभावनाओं पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इस दौरान उपस्थित कलेक्टर कुणाल दुदावत ने किसानों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी किसान भ्रमण के दौरान पाम ऑयल खेती तौर तरीके बेहतर ढंग से समझेंगें। जिससे जिले के अन्य किसानों को पाम ऑयल सहित अन्य उद्यानिकी फसलों की खेती करने के लिए प्रेरित होंगें।
उन्होंने यह भी कहा कि आगामी भ्रमण पर ग्राम पंचायतों के सरपंचों को भी भेजा जायेगा।इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम सीईओ, जयंत नाहटा, सहायक संचालक मीना मंडावी प्रमुख रूप से मौजूद थे।


