दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 1 फरवरी। व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा दंतेवाड़ा में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) रविवार को आयोजित की गई। इस दौरान 6 हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। दोनों पालियों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।
प्रथम पाली में कुल 2758 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, वहीं द्वितीय पाली में 3383 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई तथा पहचान सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई गई। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी, जिससे कानून-व्यवस्था बनी रही।
संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी भरतराम ध्रुव द्वारा जिले के सभी परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए तथा परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उडऩदस्ता दल द्वारा भी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सतत निगरानी रखी गई।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सभी केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। पेयजल, बैठने की उचित व्यवस्था तथा दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष सहयोग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि समयबद्ध प्रवेश, स्पष्ट दिशा-निर्देश एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार से उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। कुल मिलाकर टीईटी परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


