दन्तेवाड़ा

बचेली में गूंजा सनातन संगम का संदेश संस्कार,समरसता और स्वदेशी पर बल
16-Dec-2025 10:17 PM
बचेली में गूंजा सनातन संगम का संदेश  संस्कार,समरसता और स्वदेशी पर बल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 16 दिसंबर। विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में बचेली के हॉकी मैदान में  रविवार को भव्य सनातन संगम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रभाव से परिपूर्ण रहा, जिसमें बड़ी संख्या में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से सनातन धर्मावलंबियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका क्षेत्र की मातृशक्ति द्वारा प्रस्तुत जशगीत की भक्तिमय प्रस्तुति से हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और पूरे मैदान को भक्ति-रस में सराबोर कर दिया। तत्पश्चात गुमरगुंडा आश्रम से पधारे स्वामी प्रेमस्वरूपानंद जी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में समाज के सर्वांगीण विकास हेतु पांच   परिवर्तनों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि परिवार में मजबूत संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्यों का पालन तथा स्वदेशी को दैनिक जीवन में अपनाना ही सशक्त समाज और आत्मनिर्भर राष्ट्र का आधार है।

स्वामी जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि हिंदुत्व केवल एक विचार नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय पहचान है। जिस क्षेत्र में हिंदू समाज कमजोर होता है, वहां राष्ट्रीय एकता को भी क्षति पहुंचती है।

उनके विचारों को उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ समर्थन दिया। कार्यक्रम में मनीष गुरु खंड संघचालक, विकास अग्रवाल विश्व हिंदू परिषद विभाग संयोजक सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर भंडारा प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें उपस्थितों ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।


अन्य पोस्ट