दन्तेवाड़ा
.jpg)
दंतेवाड़ा, 4 सितम्बर। जिला प्रशासन द्वारा दंतेवाड़ा में बाढ़ पीडि़त ग्रामीणों को राहत अभियान के अंतर्गत सभी प्रकार की सुविधा दी जा रही है। जिससे पीडि़तों को राहत मिल सके। कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा प्रत्येक आपदा पीडि़तों से संवाद कर उन्हें सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। जिससे आपदा पीडि़तों को संकट से निकलने का हौसला मिल रहा है।
अब तक अति वर्षा प्रभावित 420 परिवारों को 1 लाख 20 हजार के मान से कुल 5 करोड़ 4 लाख 7 हजार रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।
इस प्रकार आंशिक क्षति के अतंर्गत 6 सौ 2 परिवारों को 2 करोड़ 6 लाख 24 हजार रुपये की राशि प्रदान किये गए है। पशु क्षति अतंर्गत 7 लाख 39 हजार 800 रुपये की राशि दिए गए है। इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा अन्य बचे प्रभावितों परिवारों को सहायता राशि वितरित करने की कार्यवाही की जा रही है।
प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर राहत और पुनर्वास की व्यवस्था की गयी है। जिले में वर्तमान में 12 राहत शिविर संचालित हैं, जिनमें 506 व्यक्ति ठहरे हुए हैं। शिविरों में रहने वाले तथा अन्य प्रभावित परिवारों को मिलाकर प्रतिदिन लगभग 560 व्यक्तियों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
अतिवर्षा से उपजी परिस्थितियों पर जिला प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी प्रभावित परिवार को राहत और सहायता से वंचित न रहना पड़े। इसके अलावा प्रभावित नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। जिसके तहत कोई भी व्यक्ति कंट्रोल रूम नंबर 07856-252412 पर संपर्क कर अपनी समस्या या जानकारी दे सकता है।