दन्तेवाड़ा

दंतेवाड़ा, 3 सितंबर। दंतेवाड़ा में वर्षा थम नहीं रही है, वहीं जिला प्रशासन के राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा गीदम विकासखण्ड अन्तर्गत अति वर्षा प्रभावित ग्राम बांगापाल, तुमनार, एवं फुंडरी में क्षतिग्रस्त गांवों का बुधवार को निरीक्षण किया। जिससे क्षति का आंकलन हो सके।
क्षतिपूर्ति राशि खातों में
श्री दुदावत अत्यधिक बाढ़ प्रभावित तुमनार गांव पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभावित परिवार के क्षतिग्रस्त मकानों को देखा। प्रभावितों को उनके खातों में सहायता राशि के अंतरण से अवगत कराते हुए मकान के मरम्मत करवाने का आग्रह किया। साथ ही उनसे कहा कि पीडि़तों के मकानों के मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण तक उनके रहवास की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जा रही है। साथ ही फसल को हुई क्षति के संबंध में फसल बीमा के तहत उसका मुआवजा अलग से दिया जाएगा। इसके अलावा पीडि़तों के तात्कालिक घरेलू आवश्यकता जैसे तिरपाल,बड़े पॉलीथिन, जलाउ लकड़ी बांस बल्ली, बच्चों एवं महिलाओं के दैनिक उपयोगी सामान की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।
छात्रों ने दिए सही उत्तर
कलेक्टर ने यहां पटेलपारा स्थित प्राथमिक शाला का भी अवलोकन करते हुए बच्चों से पहाड़े और वर्णमाला संबंधी प्रश्न पूछे एवं कक्षा दूसरी की छात्रा कामेश्वरी द्वारा पहाड़े का सही उच्चारण करने पर उसे शाबाशी दिया? साथ ही शिक्षकों से बच्चों की लर्निंग स्किल सुधारने हेतु विशेष प्रयास करने को कहा।
राजकुमार का उपचार, पूर्णिमा की शिक्षा प्रशासन द्वारा
गांव में लकवा पीडि़त राजकुमार नाग को सहायता राशि के अलावा उपचार हेतु अलग राशि उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि ग्राम तुमनार में अति वर्षा से पीडि़त कुल 35 परिवारों के खातों में सहायता राशि का अंतरण किया जा चुका है। इसके साथ ही कलेक्टर ने बांगापाल के वर्षा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करते हुए यहां के पीडि़त ग्रामीणों लच्छूराम यादव, राजू कुंजाम, सहित अन्य ग्रामीणों को संपूर्ण प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का दिलासा देते हुए कहा कि प्रभावितों के खातों में सहायता राशि के अंतरण का पठन किये जाने हेतु मैदानी अमले को निर्देशित कर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी कारणवश पीडि़त छूट गए है उनके लिए पुन: सर्वे कराकर उनकी क्षति का आकलन कर सहायता राशि प्रदाय की जायेगी। ज्ञात हो कि बांगापाल में कुल 71 परिवार वर्षा से प्रभावित है जिनके खातों में राशि का अंतरण किया जा चुका है। यहां कलेक्टर ने एक अन्य प्रभावित नर्सिंग की छात्रा कुमारी पूर्णिमा कुंजाम के नर्सिंग की पढ़ाई फीस सहित पुस्तकों के लिए प्रशासन द्वारा सहायता देने की बात कही। यहीं उन्होंने छात्र धर्मेन्द्र कुमार कश्यप द्वारा अपने 10वीं और 12वीं की मूल अंकसूची वर्षा से नष्ट होने के संबंध में कलेक्टर को अवगत कराने पर नई अंकसूची उपलब्ध कराने हेतु आश्वस्त किया।
फुंडरी में किया संवाद
इसके पश्चात कलेक्टर जिले के सरहद पर स्थित ग्राम फुंडरी पहुंचे। यहां कुल वर्षा प्रभावित कुल 17 परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। यहां भी कलेक्टर ने प्रभावितों को अपने -अपने बैंक खातों को चेक कर राशि प्राप्त होने की चर्चा करते हुए कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता प्रभावितों के रहवास स्थलों को दुरुस्त करना है। ताकि वे अपने सामान्य जन जीवन की ओर लौट सकें। साथ ही इन क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त पहुंच मार्गो के मरम्मतीकरण के लिए भी विभागों को निर्देशित कर दिया गया है। इस मौके पर सीईओ श्री जयंत नाहटा प्रमुख रूप से मौजूद थे।—-