दन्तेवाड़ा

दन्तेवाड़ा, 31 अगस्त। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आपदा से तहस- नहस हो चुके चूड़ीटिकरा पारा में रविवार को पहुंचकर बाढ़ पीडि़त परिवारों से संवाद किया। कलेक्टर ने घर-घर जाकर प्रभावितों की समस्याएं सुनीं। सभी प्रभावित परिवारों को सोमवार तक सहायता राशि उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन परिवारों के आधार, राशन एवं निवास जैसे आवश्यक दस्तावेज बाढ़ में नष्ट हो गए हैं, उनके लिए शिविर लगाए जाएं। प्रभावित परिवारों के स्कूली बच्चों को पुन: यूनिफॉर्म और पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही खाद्यान्न और कपड़ों के साथ अब बर्तन भी वितरण किए जाएंगे।
कलेक्टर नें कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। चूड़ी टिकरापारा के समीप स्थित न्यू छात्रावास में प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से ठहराने की व्यवस्था की जाएगी।
भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की भी कलेक्टर ने स्वयं जानकारी ली।
छात्रा पूनम को मिलेगा टैबलेट
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा पूनम पटेल, जिसकी किताबें बाढ़ में नष्ट हो गईं, को प्रशासन द्वारा प्रतियोगी परीक्षा की पुस्तकें और एक टैबलेट उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने हाई स्कूल ग्राउंड के समीप इनडोर स्टेडियम में भी पीडि़त परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को शीघ्र सुलझाने का भरोसा दिलाया। मुख्यालय में बाढ़ प्रभावित परिवारों की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रशासन ने कहा कि राहत कार्यों में तेजी लाना आवश्यक है। बाढ़ पीडि़तों को खाद्यान्न, आवश्यक दैनिक उपयोग की, वस्तुएं तथा बच्चों को किताबें और शैक्षणिक सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। प्रभावित परिवारों को राहत एवं सहायता पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा मौजूद रहे।