दन्तेवाड़ा

अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने खोला मोर्चा
22-Aug-2025 10:00 PM
अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने खोला मोर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 22 अगस्त। दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ अधिकारी - कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन शुक्रवार को किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार की उपेक्षा के मुद्दे पर जमकर नारेबाजी की गई।

जिला मुख्यालय स्थित दुर्गा मंडप में सुबह से ही हजारों अधिकारी - कर्मचारी एकजुट हो गए थे। इसके उपरांत फेडरेशन के नेताओं द्वारा संबोधित किया गया। जिसमें प्रदेश सरकार की वादा खिलाफी मुख्य बिंदु रहा। वहीं मोदी गारंटी को लागू करने की मांग की गई।

वक्तताओं द्वारा ग्यारह सूत्रीय मांगों की जानकारी दी गई। इनमें समस्त संविदा और स्थायीकरण कर्मियों का नियमितीकरण किया जाना, पंचायत सचिवों का नियमितीकरण, सहायक शिक्षकों और पशु चिकित्सा अधिकारियों को समय मान, वेतनमान लाभ, अनुकंपा नियुक्ति निशर्त की जाए और उक्त नियुक्ति में 10 फीसदी सीलिंग समाप्त की जाए।

केंद्र सरकार द्वारा 2019 से दिए जा रहे महंगाई भत्ता और महंगाई राहत दिया जाए।

मध्य प्रदेश सरकार के समान अर्जित अवकाश नगदीकरण 300 दिवसीय किया जाए। अधिकारियों कर्मचारियों को चार स्तरीय समय मान, वेतनमान और पदोन्नति का लाभ दिया जाए। कर्मियों हेतु कैश लेस सुविधा दी जाए।

अनुविभागीय अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

दुर्गा मंडप स्थित हड़ताल केंद्र से रैली निकाली गई। इस दौरान शासन के विरोध में नारेबाजी की गई। संयुक्त जिला कार्यालय के मुख्य द्वार पर रैली समाप्त हुई। जहां अनुविभागीय दंडाधिकारी मूलचंद चोपड़ा को  प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया।


अन्य पोस्ट