दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा 8 अगस्त। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा गीदम विकासखंड के हीरानार में संचालित वनांचल शिक्षा सेवा प्रकल्प का अवलोकन शुक्रवार को किया गया। उन्होंने संस्था के कार्यों की प्रशंसा की।
ग्रामीण अंचल के ग्रामीण आदिवासी समुदाय के छात्रों के सर्वांगीण शैक्षणिक विकास को समर्पित शालेय संस्था में वर्तमान में 102 छात्र अध्यनरत है। 23 एकड़ में विस्तारित इस संस्था में यहां मुख्यत: अंत्योदय वनवासी परिवारों के बच्चों को आवासीय शिक्षा और संस्कार की मुलभूत सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। वर्तमान में एलकेजी से कक्षा 10वीं तक की पढ़ाई सुविधा यहां दी जा रही है।
यहां संस्था की प्राचार्य अनिता सोरी ने बताया कि इस शिक्षा सत्र में तीन नक्सल प्रभावित छात्रों ने भी यहां प्रवेश लिया है। इस क्रम उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने शालेय परिसर का अवलोकन करते हुए यहां शैक्षणिक दृष्टि से अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की संभावनाओं पर अधिकारियों से चर्चा किया।
उक्त संस्था के विभाग समन्वयक संगम लाल पाण्डेय ने उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 1998 में प्रारंभ हुई इस संस्था का मुख्य उद्देश्य वनवासी बच्चों को मूलभूत शिक्षा और भोजन, आवास, के साथ-साथ संस्कार शिक्षा देकर एक जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा है। यहां सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक आवासीय विद्यालय में आस पास के लगभग 22 गांव के बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे है।
उन्होंने संस्थागत मांगों के तहत 200 बच्चों के क्षमता अनुरूप सभाकक्ष, संस्था के बाउंड्रीवाल में तार फेंसिंग,सैनिक स्कूल की स्थापना, छात्रावास मरम्मत, सौर पैनल के निर्माण जैसे विभिन्न मांगों से उपमुख्यमंत्री के सम्मुख रखा।
इस पर श्री शर्मा ने हर संभव प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस क्रम उन्होंने शालेय परिसर में अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ वृक्षारोपण भी किया।
इस अवसर पर विधाय चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, , कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, डीएफओ सागर जाधव और अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे प्रमुख रुप से मौजूद थे।


