दन्तेवाड़ा

शहरी पर भारी पड़े ग्रामीण वोटर
19-Nov-2023 8:45 PM
शहरी पर भारी पड़े ग्रामीण वोटर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 19 नवंबर। दंतेवाड़ा विधानसभा चुनाव हेतु हुए मतदान में शहरी मतदाताओं की तुलना में ग्रामीण मतदाता आगे रहे। ग्रामीण वोटरों ने शहरी वोटरों की तुलना में अधिक मतदान किया।

 ज्ञात हो कि विधानसभा चुनाव अंतर्गत ग्रामीण मतदान केंद्रों में ग्रामीण वोटरों में वोट डालने का जबरदस्त उत्साह नजर आया। गीदम विकासखंड के मासोड़ी गांव में 98 फ़ीसदी वोट डाले गए। ग्रामीणों के अनुसार मतदाता सूची में शामिल एक - एक वोटर को वोट डालने के लिए बुलाया गया था। जिससे 100 फ़ीसदी वोटिंग संभव हो सके। उल्लेखनीय है कि मासोड़ी कांग्रेस प्रत्याशी छविंद्र कर्मा का घरेलू गांव भी है।

कासोली में भी 70 फ़ीसदी वोटिंग

विधानसभा चुनाव अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार चैतराम अटामी के गृह ग्राम कासोली में भी वोटरों में वोट डालने का जज्बा नजर आया। मतदान कर्मियों के मुताबिक निर्धारित समय 7:00 बजे से पूर्व ही मतदान केंद्र में वोटरों की कतार लग चुकी थी। जिससे ग्रामीणों का वोटरों का उत्साह प्रदर्शित हो रहा था इस मतदान केंद्र में करीब 70 फीसदी वोट डाले गए। जिसे शहरी मतदान केंद्र की तुलना में बेहतर माना जा सकता है।

मतदान कर्मियों के मुताबिक नकुलनार, हितावर और कासोली के मतदान केंद्रों में निर्धारित समय 3 बजे के उपरांत भी वोट डाले गए। इसके फलस्वरूप मतदान की दर में बढ़ोतरी हुई। शहरी मतदान केंद्रों में ऐसा उत्साह नजर नहीं आया।


अन्य पोस्ट