दन्तेवाड़ा

सुचारू हो जनगणना - कलेक्टर
11-Feb-2026 10:53 PM
सुचारू हो जनगणना - कलेक्टर

दंतेवाड़ा, 11 फरवरी। जिला प्रशासन की समय सीमा बैठक जिला कार्यालय में बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव नें मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप जिले में संचालित समस्त निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने आयोगों से प्राप्त लंबित पत्रों की जानकारी लेते हुए राज्य महिला आयोग, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग, राष्ट्रीय जनजाति आयोग एवं राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की तथा इनके त्वरित निराकरण करने निर्देश दिए।   बैठक में उच्च न्यायालय में लंबित, निराकृत एवं पारित आदेशों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट की प्रस्तुतीकरण करने के साथ-साथ वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी न्यायालयीन प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का गहन अध्ययन कर पालन प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत किया जाए। इसके अलावा कलेक्टर ने आगामी जनगणना के तहत 23 एवं 24 फरवरी को आयोजित प्रशिक्षण में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गंभीरता से भाग लेने, दिए गए दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन करने तथा जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पादित करने निर्देश दिए।

 इस दौरान जिला पंचायत सीईओ, जयंत नाहटा प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट