दन्तेवाड़ा

भूमकाल दिवस पर शहीद वीर गुंडाधुर को श्रद्धांजलि
11-Feb-2026 10:53 PM
 भूमकाल दिवस पर शहीद वीर गुंडाधुर को श्रद्धांजलि

प्रतिमा पर माल्यार्पण, भूमकाल विद्रोह को किया याद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 11 फरवरी। सर्व आदिवासी समाज बचेली के तत्वावधान में मंगलवार को भूमकाल दिवस मनाया गया। वर्ष 1910 के ऐतिहासिक भूमकाल विद्रोह में शहीद हुए वीरों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का आयोजन नगर के मुख्य मार्ग एनएमडीसी प्रवेश द्वार पर किया गया, जहां शहीद वीर गुंडाधुर की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। उपस्थित जनसमूह ने जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करने वाले वीरों के अदम्य साहस और बलिदान को स्मरण किया।

वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1910 का भूमकाल विद्रोह केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की ऐतिहासिक पुकार था। इस आंदोलन ने बस्तर की धरती पर स्वतंत्रता की चेतना को प्रज्वलित किया और अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संगठित प्रतिरोध का स्वर बुलंद किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने विशेष रूप से वीर गुंडाधुर के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने बस्तर क्षेत्र की जनता को एकता के सूत्र में बांधा और क्रांतिकारी विचारधारा को आगे बढ़ाया। उनके नेतृत्व में आदिवासी समाज ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए साहसिक संघर्ष किया।

इस अवसर पर युवाओं से अपने गौरवशाली इतिहास को जानने, शहीदों के आदर्शों को अपनाने तथा सामाजिक चेतना को मजबूत करने की अपील की गई।  इस दौरान समाज के पदाधिकारियो सहित बड़ी संख्या में सदस्यों की मौजूदगी रही।


अन्य पोस्ट