‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 7 अगस्त। तोकापाल क्षेत्र के समग्र विकास को गति प्रदान करने के उद्देश्य से चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने गुरुवार को तोकापाल ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कुल 104.69 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विधायक विनायक गोयल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। सडक़, पुलिया, नाली, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम एवं धार्मिक स्थलों के विकास से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका संकल्प है तथा विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पदमनी कश्यप, जनपद अध्यक्ष रामबती भण्डारी, जनपद उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी, मण्डल अध्यक्ष सोमारू राम कश्यप, चन्द्रकान्ता भण्डारी, मेघराज ठाकुर, मिटकु राम कश्यप, दिनधयाल मौर्य, विश्वनाथ कश्यप आदि तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में ग्राम पंचायत तोकापाल के बाजारपारा में 5 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, 300 मीटर नाली निर्माण (8.70 लाख रुपये) तथा 9 मीटर आरसीसी पुलिया निर्माण (3 लाख रुपये) शामिल हैं।
ग्राम पंचायत बड़े पाराकोट में दो आरसीसी पुलिया निर्माण (7.60 लाख रुपये), ग्राम पंचायत दुगनपाल में आरसीसी पुलिया निर्माण (3.80 लाख रुपये) तथा ग्राम पंचायत मटकोट में 1.5 मीटर आरसीसी पुलिया (1 लाख रुपये), शेड निर्माण (1 लाख रुपये) और 280 मीटर सीसी सडक़ निर्माण (9 लाख रुपये) का भूमिपूजन किया गया।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत सालेपाल में मुक्तिधाम एवं शेड निर्माण (4.79 लाख रुपये), 1.5 मीटर आरसीसी पुलिया निर्माण (3.80 लाख रुपये), डोम शेड निर्माण (13 लाख रुपये) तथा बामनदेई माता गुड़ी निर्माण (12 लाख रुपये) के कार्यों का शुभारंभ किया गया।
ग्राम पंचायत नैनमुर में डोम शेड निर्माण (13 लाख रुपये) एवं 2 मीटर पुलिया निर्माण (6 लाख रुपये) तथा ग्राम पंचायत तेलगा-आरापुर में 13 लाख रुपये की लागत से डोम शेड निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
इन सभी विकास कार्यों की कुल स्वीकृत राशि 104.69 लाख रुपये है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक विनायक गोयल का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्यों को गति देने की अपेक्षा जताई।