बस्तर

कार्यपरिषद की बैठक के दौरान एनएसयूआई का प्रदर्शन, भर्ती में अनियमितता की जांच की मांग
04-Aug-2026 11:01 PM
कार्यपरिषद की बैठक के दौरान एनएसयूआई का प्रदर्शन, भर्ती में अनियमितता की जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर,4 अगस्त। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद की बैठक के दौरान सोमवार को एनएसयूआई बस्तर द्वारा विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को विश्वविद्यालय परिसर के भीतर जाने से रोक दिया, जिसके चलते एनएसयूआई ने मुख्य द्वार पर ही अपना विरोध दर्ज कराया।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विशाल खंबारी ने कहा कि विश्वविद्यालय की वर्ष 2025 की भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं, नियमों की अनदेखी तथा कुलपति पर लगे कथित भ्रष्टाचार और लेन-देन के आरोपों को लेकर लगातार प्रश्न उठ रहे हैं। इसके बावजूद आज तक पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई है। वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में भी केवल आवेदन आईडी जारी कर अभ्यर्थियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, जिससे पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने मांग की कि वर्ष 2025 एवं वर्ष 2026 की संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, मेरिट सूची एवं इंटरव्यू अंक सार्वजनिक किए जाएं तथा यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सिद्ध होती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।

एनएसयूआई प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया ने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति पर भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार एवं लेन-देन के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। इन आरोपों का सच सामने लाने का एकमात्र रास्ता स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच है। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन पारदर्शिता का दावा करता है, तो उसे भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी अभिलेख सार्वजनिक करने चाहिए। छात्रों एवं योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि शासन द्वारा शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो एनएसयूआई पूरे प्रदेश में चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन को और व्यापक करेगी। विश्वविद्यालय अध्यक्ष पंकज केवट ने कहा न्यायालय के आदेश के बाद भी तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का नियमितीकरण लंबित रखना गंभीर विषय है। कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं है। एनएसयूआई मांग करती है कि न्यायालय के आदेश का तत्काल पालन करते हुए नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाए।

इस दौरान प्रदेश महासचिव ज्योति राव, प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया, युवा कांग्रेस नेता जशकेतन जोशी, प्रदेश सचिव माज लिल्लाह, बस्तर विधानसभा अध्यक्ष नंदू बिसाई, विश्वविद्यालय अध्यक्ष पंकज केवट, हंशु नाग आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट