बस्तर

पैन छत्तीसगढ़ इंटन्र्स की हड़ताल को बस्तर कांग्रेस का समर्थन
05-Aug-2026 3:08 PM
पैन छत्तीसगढ़ इंटन्र्स की हड़ताल को बस्तर कांग्रेस का समर्थन

मानदेय 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 5 अगस्त। छत्तीसगढ़ के एमबीबीएस इंटन्र्स (पैन सीजी इंटन्र्स) द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में जारी हड़ताल को बस्तर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अपना पूर्ण समर्थन दिया है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाले इंटर्न्स लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रही है।

सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इंटन्र्स के मानदेय में 3,500 रुपये की वृद्धि की गई थी। वर्तमान में इंटन्र्स  को 15,900 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है, जो उनकी जिम्मेदारियों और बढ़ती महंगाई को देखते हुए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से इंटर्न्स का मानदेय बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि इंटन्र्स  दिन-रात अस्पतालों में मरीजों की सेवा करते हैं और स्वास्थ्य व्यवस्था की अहम कड़ी हैं। यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो इसका सीधा असर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों पर पड़ेगा, विशेषकर बस्तर जैसे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनाव पूर्व किए गए वादों को भुला दिया है और जनता व युवाओं की समस्याओं के समाधान के बजाय प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार को हठधर्मिता छोडक़र इंटर्न्स के प्रतिनिधियों से तत्काल चर्चा करनी चाहिए और उनकी जायज मांगों का सम्मानजनक समाधान निकालना चाहिए।

सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कर्मचारियों, युवाओं, छात्रों और मेहनतकश वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है।

 इसलिए पैन छत्तीसगढ़ इंटर्न्स के लोकतांत्रिक आंदोलन और उनकी मांगों को बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी का पूरा समर्थन है।

उन्होंने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों पर भी भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि आम जनता का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो चुका है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय केवल अपनी उपलब्धियों का प्रचार कर रही है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस महामंत्री प्रशांत जैन, नीतीश शर्मा, विजेंद्र ठाकुर, खीरेंद्र यादव सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट