बस्तर

नकली सोने का हार दिखा ग्रामीण से ठगी, 2 बंदी
08-Aug-2026 10:17 PM
नकली सोने का हार दिखा ग्रामीण से ठगी, 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 8 अगस्त। थाना नगरनार पुलिस ने नकली सोने का हार असली बताकर एक ग्रामीण से 10 हजार की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4,950 नकद, तीन नकली सोने की मालाएं, तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी लिंगेश्वर सेठिया, निवासी मंगनपुर थाना नगरनार ने 7 अगस्त को लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 6 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे वह काम से जगदलपुर जाने के लिए घर से निकल रहा था। इसी दौरान दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे। उनमें से एक ने अपना नाम मोहन लाल, निवासी भिलाई-दुर्ग बताया और कहा कि उसे पैसों की आवश्यकता है तथा उसके पास करीब पांच लाख रुपये कीमत का सोने का हार है।

आरोपी ने प्रार्थी को हार दिखाते हुए उसे खरीदने के लिए कहा। प्रार्थी ने इतनी बड़ी रकम की तत्काल व्यवस्था नहीं होने की बात कही और एक दिन का समय मांगा। इस पर आरोपी मोहन लाल ने कम से कम 10 हजार देने की बात कहते हुए कहा कि उसे अपने रिश्तेदार को रायपुर भेजने के लिए पैसे की जरूरत है और बाकी रकम अगले दिन देने की बात कही।

आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए प्रार्थी ने 10 हजार देकर हार अपने पास रख लिया। बाद में जब प्रार्थी हार लेकर सोनार की दुकान पर पहुंचा और उसकी जांच कराई तो वह पीतल मिश्रित नकली धातु का हार निकला।

इसके बाद प्रार्थी ने नगरनार थाने में शिकायत दर्ज कराई।

रिपोर्ट के आधार पर थाना नगरनार में  धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के दिशा-निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने पतासाजी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहन लाल सोलंकी  दुर्ग तथा मोहन राय भाटापारा के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध करना स्वीकार किए जाने की बात कही गई है। आरोपियों के कब्जे से 4,950 नकद, दो अन्य नकली सोने की मालाएं तथा प्रार्थी को दी गई पीतल मिश्रित नकली सोने की एक माला और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।


अन्य पोस्ट