बस्तर

बिसपूर के ग्रामीणों के राशन कार्ड व प्रमाण पत्र नहीं बनने पर आप का प्रदर्शन, सीईओ के नाम सौंपा ज्ञापन
05-Aug-2026 2:43 PM
बिसपूर के ग्रामीणों के राशन कार्ड व प्रमाण पत्र नहीं बनने पर आप का प्रदर्शन, सीईओ के नाम सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

जगदलपुर, 5 अगस्त। ग्राम बिसपूर, पंचायत बिसपूर, तहसील दरभा के ग्रामीणों के राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र लंबे समय से नहीं बनाए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी बस्तर जिला इकाई ने मंगलवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

पार्टी के प्रदेश सह संगठन मंत्री समीर खान ने बताया कि ग्राम बिसपूर के ग्रामीणों ने सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर ग्राम पंचायत में जमा कर दिए थे, लेकिन उनके आवेदन अब तक लंबित हैं और संबंधित विभागों को अग्रेषित नहीं किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों द्वारा कई बार मौखिक रूप से शिकायत किए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

आप नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण अनेक पात्र एवं गरीब परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। इससे ग्रामीणों को आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी पात्र ग्रामीणों के राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र शीघ्र जारी कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं।

आम आदमी पार्टी, बस्तर जिला इकाई ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों के अधिकारों की लगातार अनदेखी की गई तो पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बस्तर जोन प्रभारी समीर खान, जिला संगठन मंत्री जोगाराम पोयाम, ब्लॉक अध्यक्ष आसीलाल, मुन्ना राम कवासी, संजय मौर्य, यूथ विंग जिला सचिव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट