अग्रसेन जयंती महोत्सव में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने दिखाया उत्साह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 अक्टूबर। भगवान श्री अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती से पहले शहर के अग्रवाल समाज में उत्सव का माहौल है। श्री अग्रवाल सभा की ओर से आयोजित सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की शृंखला में समाज के लोग बढ़-चढक़र हिस्सा ले रहे हैं। इसी कड़ी में पुरुषों और बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर, दो वर्गों में हुई।
मंच पर प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगे परिधानों में एक से बढक़र एक प्रस्तुतियां दीं। उनकी कला और आत्मविश्वास ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों में मनोरंजन के साथ समाज की एकता और आपसी मेल-जोल का संदेश भी दिखाई दिया। प्रतियोगिता स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। बच्चों से लेकर बड़ों तक में मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने को लेकर खास उत्साह नजर आया।
महोत्सव के दौरान शतरंज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने सोच-समझकर चालें चलीं और अपनी रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन किया। इसके अलावा ‘ओम श्री अग्रदेवाय नम:’ लेखन प्रतियोगिता और कुर्सी दौड़ का आयोजन हुआ। महिलाओं और बालिकाओं के लिए भी मनोरंजक प्रतियोगिताएं रखी गईं, जिनमें उन्होंने उत्साह से भाग लिया।
श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय मित्तल ने आयोजन का संचालन किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जयंती महोत्सव की प्रतियोगिताएं समाज के सभी आयु वर्गों को एक मंच पर लाने का अवसर हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है, वहीं समाज के सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव भी मजबूत होता है।
अग्रसेन जयंती से पहले आयोजित हो रही प्रतियोगिताओं में लगातार मिल रही भागीदारी से समाज में उत्सव का उल्लास बना हुआ है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा मंच और शतरंज की बिसात पर चलती चालें आयोजन के खास आकर्षण रहे।
आयोजनों को सफल बनाने में श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय मित्तल, उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल और शुभम अग्रवाल, सचिव संजय अग्रवाल, घनश्याम गर्ग, पवन अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, मनोज जैन, विनोद अग्रवाल, कैलाश गोयल, जनम अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, विजय बंसल, सचिन अग्रवाल, सुशील गोयल, चिराग गर्ग, अश्वनी लाल गर्ग, आयुष अग्रवाल और आशीष अग्रवाल सहित अन्य सदस्य सक्रिय रहे। महिला सभा की अध्यक्ष मधु अग्रवाल, उपाध्यक्ष मधु गर्ग, सचिव ममता गर्ग, अंजू पोद्दार, मंजू अग्रवाल, प्रेमलता गोयल, नीलिमा अग्रवाल, सरिता सुल्तानिया और कविता अग्रवाल सहित अन्य महिलाओं ने आयोजन में भूमिका निभाई। युवा मंच के अध्यक्ष अतुल बंसल के साथ शुभम अग्रवाल, आर्यु गर्ग, आदित्य अग्रवाल, निखिल गोयल, तनिष गर्ग, अंश केडिया, दीप अग्रवाल, यश मित्तल, ओम गर्ग और हर्ष गोयल भी सक्रिय रहे। युवती मंच की अध्यक्ष शिखा अग्रवाल के साथ वैष्णवी अग्रवाल, प्रियांशी अग्रवाल, प्रिया अग्रवाल, वैशाली गोयल, नेहा गर्ग, आस्था अग्रवाल, युक्ति तायल और साक्षा गोयल,संगीता अग्रवाल, शिवांगी अग्रवाल,स्तुति अग्रवाल,राधिका अग्रवाल, इशिका अग्रवाल,निकिता सिंघल,प्रिया अग्रवाल,प्रीति अग्रवाल सहित पदाधिकारियों और सदस्यों ने कार्यक्रमों के संचालन में सहयोग किया।
स्वाद, साज-सज्जा और हुनर का संगम बना अग्रोहा उत्सव मेला
अग्रसेन जयंती महोत्सव के उल्लास के बीच अग्रोहा उत्सव मेले का भी शुभारंभ हुआ। मेले में अग्रवाल समाज के लोगों ने कपड़ों, स्वादिष्ट व्यंजनों और हस्तनिर्मित वस्तुओं की दुकानें सजाईं। रंग-बिरंगे परिधान, घर में तैयार सजावटी सामान और लजीज खाने-पीने के पकवान लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
मेले में पहुंचने वाले लोगों ने अलग-अलग दुकानों का रुख किया और व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ हस्तनिर्मित वस्तुओं को भी देखा। समाज के सदस्यों ने अपने हुनर और उत्पादों को लोगों के सामने रखने के लिए आकर्षक ढंग से दुकानें सजाईं।
मेले की खास बात यह रही कि बाहर से आए दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें लगाईं। इससे लोगों को एक ही परिसर में अलग-अलग तरह के कपड़े, खाद्य सामग्री और अन्य वस्तुएं देखने-खरीदने का अवसर मिला। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के साथ अग्रोहा उत्सव मेला जयंती समारोह का खास आकर्षण बन गया।