ठगों का ऑनलाइन ट्रिक
इंश्योरेंस कम्पनी, एलआईसी बैंक कस्टमर केयर और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए लाखों का ऑफर देकर फंसा रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 सितंबर। साइबर ठगी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। हर दिन ठगी की घटनाएं बढ़ रही है। ठग लोगों को इंश्योरेंस कम्पनी, एलआईसी बैंक कस्टमर केयर और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए लाखों का ऑफर, गिफ्ट देने का झांसा देकर अपना शिकार बना रहें हैं। ऐसा ही मामला राजधानी में हो गया। साइबर ठगों ने एनर्जी कंपनी के नाम से मिलती जुलती नकली कंपनी बना कर सोशल मीडिया एप से लोगों को जोडक़र पैसे डबल करने का झांसा दिया। ठग इतने शातिर की ठगी के बाद एआई से वीडियो बनाकर ग्रुप में शेयर कर जानकारी भी दी। लोगों से पैसा इनवेस्ट करा कर कंपनी बंद कर फरार हो गए। फरार होने के दौरान आरोपियों ने तीन आर्टिफिशियल वीडियो बनाए। जिसमें कहा गया कि, आप लोग ठगे गए हैं। मुझपर भरोसा करने के लिए धन्यवाद। अब हम फरार हो रहे हैं।
ठगी का शिकार होने वाले राजा तालाब निवासी शख्स ने बताया कि परिचित के माध्यम से एंग्लो अमेरिकन ऐप की जानकारी हुई थी। उन्होंने ऐप में पहले 40 हजार रुपए इनवेस्ट किया। पैसा इनवेस्ट करने के बाद उन्हें उनके वाट्सग्रुप में मैसेज आया, कि उन्हें 120 दिन तक 700 रुपए रोज मिलेगा। पैसा इनवेस्ट करते ही अगले दिन से उन्हें पैसा मिलना भी शुरु हो गया।
तीन महीने तक उन्हें लगातार पैसा मिला, इसी बीच उनके वाट्स ग्रुप में मैसेज आया। जिसमें कंपनी ने इनवेस्ट करने के नाम पर एक दिन में पैसा डबल करने का ऑफर दिया। इस ऑफर को देखकर राजा तालाब निवासी ने लाखों रुपए इनवेस्ट कर दिए। पैसा इनवेस्ट करने के दिन कंपनी ने वाट्सऐप ग्रुप में वीडियो अपलोड किया और कंपनी बंद करके फरार हो गए।
डोमेन तीन माह में बंद किया
साइबर एक्सपर्ट ने बताया, कि आरोपियों ने एंग्लो अमेरिकन नाम से डोमेन एक साल के लिए परचेज किया था। डोमेन तो एक साल के लिए परचेज किया, लेकिन आरोपियों ने तीन माह में उसे बंद कर दिया है। आरोपियों ने ऐप की सेटिंग से ऐसी छेड़छाड़ की है, कि वो अब ओपन भी नहीं हो रहा है।
हर दिन हो रही है साइबर ठगी
आंकड़ों के अनुसार रायपुर साइबर सेल को बीते साल दो हजार से ज्यादा शिकायत पहुंची थी। लेकिन एफआईआर 105 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी। इसी तरह इस साल भी हर दिन साइबर ठगी से जुड़ी दो से तीन शिकायत पहुंच रही है। जिनमें साइबर सेल की टीम जांच कर रही है और उसके बाद केस दर्ज हो रहा है।
वाट्सएपे ग्रुप से इनवेस्टर जुड़े
पीडि़त ने जानकारी में बताया कि उसके जैसे सैकड़ों लोग वाट्सऐप ग्रुप में जुड़े थे। कंपनी के लोग ग्रुप चैट करते थे। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर भी दिया था, जिसमें कंप्यूटराइज्ड बात होती थी। ठग पैसा इनवेस्ट कराने के लिए अलग-अलग खातों का प्रयोग करते थे। ये खाते अधिकांशता प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों के होते थे।
बदनामी के डर से नाम छिपा रहे पीडि़त
आरोपी ठगों के खिलाफ पीडि़त ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। लेकिन अधिकांश पीडि़त बदनामी के डर से अपना नाम सार्वजनिक नहीं कर रहे है। पीडि़तों के इस डर से इस तरह के आरोपियों के हौसले बुलंद है। पीडि़त का कहना है, कि उसके अलावा परिवार और रिश्तेदारी में कई महिलाओं ने भी पैसा मिलने के लालच में इनवेस्टमेंट कर दिया था। अब ठगी होने के बाद सब परेशान घूम रहे है।
साइबर ठग आईटी एक्सपर्ट भी
ठगी करने के नए-नए ट्रिक अपना कर लोगों को अपना शिकार बना रहें है। साफ्टवेयर डीजाइन से लेकर हैकर हैक करने में एक्सपर्ट हैं। पहले पहले फर्जी साईट बनाया फिर लोगों को जोड़ इनवेस्ट कराकर कम्पनी का साईट बंद कर भागे। अब साइबर पुलिस को ऐप खोलने में मशक्कत करनी पड़ रही है।