रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 सितंबर। डिप्टी सीएम और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य टी एस बाबा ने कहा है कि बीते तीन चार दिनों के मंथन के बाद 4 जगह की टिकिट तय कर ली गई है । पार्टी की प्रक्रिया के तहत यहाँ एक एक नाम है। इनमें भरतपुर सोनहत,पाटन,कोंटा और साजा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि शेष86 स्थानों के लिए मंथन चल रहा है। नाम घोषित करने में अभी जल्दीबाजी नहीं करेंगे।
लोकसभा के विशेष सत्र के नाम ही उम्मीदवार के नाम आएंगे। सिंहदेव ने कहा कि उन्होंने स्वयं प्रदेश की कई सीटों पर सर्वे कराया है। इसमें कांग्रेस सरकार को लेकर अच्छा रिस्पांस है। हालांकि विधायकों के परफार्मेंस पर लोगों की अलग-अलग राय है। यह भी सच है कि सबको 100 में से 100 अंक नहीं मिल सकते। पार्टी सूत्रों के अनुसार कई मंत्री और वरिष्ठ विधायक पैनल में फंस गए हैं। इनमें से एक नाम तय करने पार्टी को मशक्कत करनी पड़ रही है। स्क्रुटनी समिति के प्रमुख अजय माकन ने भी पिछले दिनों बैठक लेकर प्रदेश नेतृत्व से एक नाम तय करने के निर्देश दिए हैं।