रायपुर

किसान पंजीयन के लिए परेशान नॉमिनी मांगा जा रहा है
11-Sep-2023 8:10 PM
किसान पंजीयन के लिए परेशान नॉमिनी मांगा जा रहा है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 सितंबर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा एक नंबर से धान खरीदी की घोषणा की गई है। चुनाव पूर्व धान खरीदी में राजनीति चरम सीमा पर हो रही है। दूसरी ओर 30 सितंबर पंजीयन हेतु अंतिम तिथि है। किसान अपने कृषि कार्य के अतिरिक्त पंजीयन हेतु इधर से उधर भटक रहे हैं। साथ ही प्रदेश के देवी देवताओं को प्रतिवर्ष लाखों की क्षति हो रही है। क्योंकि मंदिरों का पंजीयन नहीं कराया जा रहा है।

प्रदेश प्रवक्ता विजय कुमार झा ने बताया है कि प्रतिवर्ष धान खरीदी हेतु पंजीयन कराया जाता है। किसानों को पटवारी, सहकारी समिति के चक्कर काटने पड़ते हैं। जो एक बार पंजीयन हो चुका है, उसे निरंतर कम से कम 5 वर्ष तक जारी रखना चाहिए। कोई संशोधन,परिवर्तन हो तो स्वयं किसान सूचित कर देगा। वर्तमान में पंजीयन 30 सितंबर तक होना है। किसानों को आधार कार्ड, पंजीयन, फॉर्म, फोटो, बैंक अकाउंट मांगा जाता है। इस वर्ष किसानों से नॉमिनी का भी नाम व फॉर्म भराया जा रहा है। श्री झा ने कहा है कि यह समस्या समझ से परे है, कि जब बैंक अकाउंट खुला है। तो उसमें नॉमिनी अनिवार्यत: रहता है। फिर नॉमिनी मांगने का अर्थ क्या है। दूसरी ओर प्रदेश में हजारों की संख्या में पंजीकृत सार्वजनिक न्यास है। जिसके पंजीयक जिले के कलेक्टर होते हैं। विधिवत इन पंजीकृत न्यासों का आय व्यय का हिसाब, ऑडिट रिपोर्ट, बैंक अकाउंट तथा कृषि भूमि की ऋण पुस्तिका भी है। लेकिन विगत 3 वर्षों से राज्य सरकार मंदिरों के कृषि उपरांत उपज को क्रय करने के लिए सहकारी समिति में पंजीयन नहीं कर रही है। इससे या तो मंदिर व्यवस्थापक ठेका रेगहा देकर  उन किसानों के भरोसे लाखों रुपए का जोखिम उठाते हैं। अनेक गांवों में ठेका रेगहा लेने के लिए किसान तैयार नहीं होते हैं।


अन्य पोस्ट