‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अगस्त। जिला दण्डाधिकारी गौरव सिंह ने एसएसपी संतोष सिंह की सिफारिश पर जिले के चार आदतन अपराधी भूपेंद्र साहू उर्फ़ वकील निवासी बंजारी बड़ी गंगानगर भनपुरी , सत्यम उर्फ नाती वर्मा निवासी ग्राम चरौदा धरसीवा, जमन अली निवासी बीएसपी कॉलोनी ईरानी डेरा दलदल सिवनी, पप्पू उर्फ हीरालाल जंघेल लोधी पारा गुढिय़ारी को तीन माह के लिए जिला बदर की कार्रवाई की है। पिछले सप्ताह भी जिला प्रशासन ने चार अपराधियों को जिला बदर किया है।
इन बदमाशों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई अपराध में चालान और कार्रवाई हुई। पप्पू उर्फ हीरालाल के विरुद्ध वर्ष 2000 से लगातार मारपीट, चाकूबाजी, गुंडागर्दी, लूटपाट, डकैती,जान से मारने की धमकी देने, वसूली एवं आर्म्स एक्ट आदि के कुल 15 अपराध और प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है।
जमन अली के खिलाफ वर्ष 2012 से लगातार हत्या का प्रयास, मारपीट, गुंडागर्दी,जान से मारने की धमकी देने, एनडीपीएस एक्ट, वसूली, आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध घटित कर आमजन को आतंकित करने एवं उनके मध्य भय उत्पन्न करने में संलिप्त है। उसके विरुद्ध कल 10 अपराध पंजीबद्ध की गई है।
सत्यम उर्फ नाती वर्मा के खिलाफ 2019 से लगातार मारपीट, गुंडागर्दी, अवैध शराब एवं जुआ,लूटपाट,जान से मारने की धमकी देने, वसूली जैसे गंभीर अपराध घटित कर आमजन को आतंकित करने एवं उनके मध्य भय उत्पन्न करने में संलिप्त है। उसके विरुद्ध कल 7 अपराध और प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियां हुई है।
भूपेंद्र साहू उर्फ़ वकील के खिलाफ 2020 से लगातार मारपीट, चोरी, नकब्जानी, आर्म्स एक्ट , गुंडागर्दी,जान से मारने की धमकी देने, आबकारी एक्ट जैसे गंभीर अपराध घटित कर आमजन को आतंकित करने एवं उनके मध्य भय उत्पन्न करने में संलिप्त है। उसके विरुद्ध कुल 10 अपराध और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।