रायपुर

आयुष्मान योजना से ईलाज के लिए मरीज एवं परिजन दर-दर भटक रहे
06-Aug-2024 5:53 PM
आयुष्मान योजना से ईलाज के लिए मरीज एवं परिजन दर-दर भटक रहे

रायपुर, 6 अगस्त। एआईसीसी सचिव एवं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि रायपुर सहित छत्तीसगढ़ में किसी भी निजी अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत् ईलाज नहीं हो रहा है और जहाँ हो रहा है वहाँ आयुष्मान के अलावा अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। कई निजी हॉस्पिटल वाले यह कहकर अपना पलड़ा झाड़ रहे हैं कि हमारे यहाँ जितने मरीजों का ईलाज आयुष्मान होना था वह हो चुका है अब इसका कोटा खतम हो गया है। राज्य नोडल अधिकारी के यहाँ ऐसे कई हॉस्पिटल के शिकायत लंबित हैं और जाँचदल गठित कर अगर जाँच की जाये तो ऐसे कई हॉस्पिटल के ऊपर कार्यवाही हो सकती है, लेकिन शासन-प्रशासन मूकदर्शक बन तमाशा देख रहे हैं और आम जनता दर-दर भटक रही है। उपाध्याय ने छत्तीसगढ़ अंतर्गत स्वास्थ्य के क्षेत्र में भाजपा व उनकी डबल इंजन सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एक तरफ केन्द्र की मोदी सरकार अपनी गारंटी योजनाएँ लाने की बात करती है और दूसरी तरफ आम जनता को मिल रही स्वास्थ्य योजनाओं को बंद भी कर देती है। उपाध्याय ने बताया कि आयुष्मान योजना से मरीज को लाभ दिया जा रहा है तो वह भी आधी-अधूरी ही दे पा रही है, और जहाँ आयुष्मान से उपचार हो रहा है वहाँ अतिरिक्त शुल्क भी लिया जा रहा है। शासकीय अस्पतालों में भी मरीजों को योजना संबंधित लाभ प्रदान करने में मुश्किलें उत्पन्न हो रही हैं।


अन्य पोस्ट