‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जून। शिवनाथ नदी से सटे मोहड़ वार्ड में अवैध रेत उत्खनन और गोलीकांड के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने मामले में 4 लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुका है। जिसमें जेसीबी चालक, पार्षद, वाहन मालिक और एक शूटर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
इस तरह पुलिस ने मोहड़ में अवैध रेत उत्खनन और गोलीकांड मामले में अब तक 7 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। वहीं अन्य आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 11 जून को रात्रि 7 से 7.30 बजे के बीच गा्रम मोहड़ नदी में अवैध तरीके से रेत निकालने के लिए रैम्प निर्माण के लिए जेसीबी चालक पहुंचा था, जिसे रोकने के लिए कुछ ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, जहां कार में सवार 7-8 लोग उतरकर ग्रामीणों से मारपीट करते फायरिंग किए हैं। रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 257, 2025 धारा 109(2), 191(2), 191(3), 190, 296, 115(2), 351(2) बीएनएस 25, 27 आम्र्स एक्ट एवं मायनिंग एक्ट की धारा 21 कायम कर विवेचना में लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मोहित गर्ग के निर्देशन में एएसपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सीएसपी पुष्पेन्द्र नायक के पर्यवेक्षण में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, डोंगरगांव प्रभारी थाना अवनिश श्रीवास, थाना प्रभारी घुमका बसंत बघेल एवं ओपी चिखली प्रभारी उमेश बघेल की संयुक्त 5 टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी एवं उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगह नागपुर, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर आदि जगहों में दबिश दे रही थी। विवेचना के दौरान पूर्व में आरोपी जेसीबी चालक भगवती निषाद 49 साकिन ग्राम झोला थाना अंडा जिला दुर्ग, पार्षद संजय रजक 48 वर्ष निवासी मोहड़ राजनांदगांव एवं वाहन मालिक अभिनव तिवारी 42 साल निवासी ग्राम सोमनी एवं एक शूटर अतुल सिंह तोमर 24 साल निवासी गायत्री विहार कॉलोनी ग्वालियर मप्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।