यह सिलसिला यहीं नहीं रुकता, समिति के सदस्य हर साल पितृ पक्ष में अजनबी आत्माओं का सामूहिक श्राद्ध भी करते हैं
आज सुबह से शहर के जिला अस्पताल में एक अजनबी का शव पोस्टमार्टम के लिए पड़ा हुआ है
महासमुंद,14अक्टूबर। आज सुबह से शहर के जिला अस्पताल में एक अजनबी का शव पोस्टमार्टम के लिए पड़ा हुआ है। दो दिनों से इसे पहचान के लिए रखा गया है। आज इस अजनबी के शव का अंतिम संस्कार होगा। इस शव को मुक्तिधाम सेवा समिति के लोगों का इंतजार है। हर बार यही होता है कि समिति के लोग आते हैं। शव के ऊपर कफन डालते हैं और अजनबी शवों को मुक्तिधाम ले जाते हैं।
यह सिलसिला यहीं नहीं रुकता है। समिति के सदस्य हर साल पितृ पक्ष में इन अजनबी आत्माओं का सामूहिक श्राद्ध भी करते हैं। कल ही समिति के सदस्यों ने नयापारा स्थित आशियाना वृद्धाश्रम में लावारिश गरीब अनाथ मृतकों की स्मृति में सामूहिक श्राद्ध किया है। बीते 17 वर्षों से मुक्तिधाम सेवा समिति के सदस्यों ने महासमुंद जिले में लावारिश, गरीब, अनाथ, बेसहारा 780 मृतकों को सद्गगति प्रदान की है
महासमुंद के रास्ते में भी कभी-कभी कुछ ऐसे हादसे होते हैं, जिसमें कोई अपना खो जाता है। ऐसे मामले में साधारण लोग खोजबीन करते हैं। कुछ लोग खोजबीन करते थककर तलाश बंद कर देते हैं और कई लोग तो खोजबीन तक नहीं करते। गुम लोग भटकते हुए कहां दम तोड़ देते हैं, उनके अपनों को पता नहीं चलता। लिहाजा कई लाशें ऐसे मिलती हैं, जिनकी पहचान नहीं होती। कई शवों को उनके रिश्तेदार नहीं ले जाते। ऐसे अजनबियों के अंतिम संस्कार करने के लिए शहर के युवकों की एक टीम बनी हुई है। यह टीम है मुक्तिधाम सेवा समिति।
समिति के सदस्य राजू चन्द्राकर, डॉ. जे शुक्ला, ओमप्रकाश औसर, मोहन बावनकर, डा. एजाज नकवी, फगवा पटेल, गोपाल वर्मा, गुमानचन्द्र जैन, विजय ठाकुर, संजय साहू, मनोज पटेल, नरोत्तम पटेल, संतोष साहू कहते हैं-18 साल पहले एक रिश्तेदार की मौत के बाद दोस्तों के बीच यह सहमति बनी कि क्यों न लावारिश शवों को सद्गति के एक कार्यक्रम चलाई जाए। बर फिर क्या था, सभी ने सहमति दी और खुद के खर्च से लावारिश शवों के अंतिम संस्कार का काम शुरू हुआ।
बताते हैं कि कहीं से भी कोई खबर मिलती है तो सदस्य एकराय होकर उक्त शव को सप्रेम विदा करते हैं। सदस्यों की मानें तो बीते 17 वर्षों से मुक्तिधाम सेवा समिति के सदस्यों ने महासमुंद जिले में लावारिश, गरीब, अनाथ, बेसहारा 780 मृतकों को सद्गगति प्रदान की है। अकेले कोरोना काल में इस समिति ने 25 शवों का अंतिम संस्कार कार्य किया था। आज भी एक शव को हमारा इंतजार है। इस महीने लगातार यह आठवां शव मिला है, जिसे लावारिस करार दिया गया है।
इन्होंने बतााया कि समिति के सदस्य निरंतर जरूरतमन्दों को रक्तदान,वस्त्रदान के लिए सामूहिक प्रयास करते रहे हैं। कई तरह के जागरूकता के कार्यों में भी सक्रियता से भागीदारी निभाते हैं। आज तक जितने भी मृतकों का अंतिम संस्कार किया है, हम स्वयं नहीं जानते कि वे कौन हंै। कल आशियाना वृद्धाश्रम में आहुत सामूहिक श्राद्ध कार्यक्रम में अधीक्षक उषा साहू, प्रबंधक प्रियंका चन्द्राकर, सुनीता शर्मा, मनीषा शिवनकर, दुर्गेश नन्दनी चन्द्राकर, कुंजन ठाकुर, सोनम ध्रुव, जसमीन साहू, सरिता सोनी, ज्योति साहू, राधिका साहू, ललिता, अनुराधा, ललित साहू आदि ने सहयोग प्रदान किया। मृतकों के मोक्ष प्राप्ति के लिए सामूहिक श्राद्ध पूजा हुई। वृद्धाश्रम के बुुजुर्गों के साथ समिति सदस्यों ने विधि विधान से पण्डित से पूजा करवाकर वृद्धजनों और घरौंदा संस्था के बच्चों को भोजन कराया।