महासमुन्द

शहर सहित गांवों में वायरल बुखार, टाइफाइड व खांसी के मरीज बढ़े
14-Oct-2023 3:43 PM
शहर सहित गांवों में वायरल बुखार, टाइफाइड व खांसी के मरीज बढ़े

सेहत सुधरने में 25 से 28 दिन का समय लग रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 अक्टूबर।
शहर सहित आसपास के ग्रामों में वायरल फीवर, टाइफाइड तथा खांसी के मरीजों की सेहत सुधरने में 25 से 28 दिन का समय लग रहा है। अनेक केस में खांसी बुखार रिटर्न भी ले रहा है। पिछले माह भर से शहर सहित अंचल में वायरल का कहर जारी है। मौसम में हो रहे उतार चढ़ाव के चलते शहर सहित अंचल के शासकीय व निजी अस्पतालों में सर्दी.जुकाम, खांसी, टाइफाइड के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से रात में ठंड और दिन में चिलचिलाती धूप की वजह से सर्द-गर्म मौसम की वजह से यह स्थिति निर्मित हो रही है। इसी सप्ताह बारिश थमा है। सर्द गर्म मौसम की वजह से ही बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। मरीजों की संख्या का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सभी अस्पतालों के पंजीयन काउंटर, चिकित्सकों के कक्षों में मरीजों की बड़ी संख्या जुट रही है। अस्पताल के बाहर लंबी कतारें लग रही है। 

खासतौर पर मेडिकल कॉलेज के सामान्य रोग विभाग में सर्वाधिक मरीज जुट रहे हैं। इन मरीजों में युवा तथा अधेड़ उम्र के लोगों की संख्या सर्वाधिक है। खास तौर पर एलर्जी तथा सर्दी खांसी, बुखार के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। डाक्टरों के मुताबिक मौसम में आए बदलाव की वजह से वायरल का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। इस मौसम में स्किन एलर्जी, बुखार,संचारी रोग ज्वर,हाथ पैर में दर्द, पेट दर्द, जी मिचलाना, उल्टी, पेट में ऐंठन होना आदि बीमारी भी तेजी से फैल रही हैं। वायरल इंफेक्शन व एलर्जी के करीब 250 से 300 मरीज मेडिकल कॉलेज में पहुंच रहे हैं। 
 


अन्य पोस्ट