महासमुन्द

नवरात्र कल से, तैयारी पूरी
14-Oct-2023 3:31 PM
नवरात्र कल से, तैयारी पूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 अक्टूबर।
रविवार से नवरात्रि शुरू है। प्रति वर्ष अनुसार इस बार भी इसे धूमधाम से मनाए जाने की तैयारी है।
 क्षेत्र के देवीधाम, मंदिरों, सार्वजनिक दुर्गोत्सव पंडालों में 15 अक्टूबर को पारंपरिक रूप से पर्व की शुरूआत होगी, जो नवमीं को पूर्णाहूति एवं दशहरा उत्सव के साथ समाप्त होगी। प्रतिमाओं का विसर्जन भी दशहरा उत्सव के साथ समाप्त होगा। जिले के भीमखोज स्थित मां खल्लारी, मां चण्डी मंदिर घुंचापाली में नवरात्रि की तैयारी पूर्णता की ओर है। सभी देवी स्थानों में भारी संख्या में मनोकामना ज्योति कलश श्रद्धालुओं द्वारा स्थापित किए गए हैं। पूरे नौ दिन इन देवी धामों में श्रद्धालुओं का दर्शन पूजन के लिए तांता रहेगा। 

जिले का भीमखोज पहाड़ी प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में चर्चित है। लगभग 20-22 हजार आबादी वाले कस्बाई नगर बागबाहरा की विशिष्ट पहचान भीमखोज खल्लारी से बनी हुई है।

स्थानीय दुर्गा मंदिर के अलावा तेंदूलोथा, खम्बा तालाब नवागांव में आदि स्थित शीतला मंदिर, गुजराती समाज सहित 20-22 स्थानों में दुर्गोत्सव पंडालों में यहां नवरात्र पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। 

घुंचापाली देवी धाम की बात ही निराली है। मां चण्डी मंदिर घुंचापाली एवं मां खल्लारी मंदिर खल्लारी में नवरात्रि में हजारों की संख्या में लोग दूर.दूर से दर्शन पूजन करने आते हैं। मां चण्डी में नित्य प्रति आने वाले भालुओं के कारण भी विशिष्ट पहचान है। दोनों मंदिरों में आदि शक्ति अटूट श्रद्धा एवं आस्था की प्रतीक है।  


अन्य पोस्ट