बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों और चौक-चौराहों पर काम की तलाश में जाते दिख रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 दिसंबर। बीते दिनों चुनाव प्रचार के दौरान बड़ी राजनीतिक पार्टियों ने गरीब मजदूर वर्ग के लिए कई प्रकार की घोषणाएं की है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं दिख रहा है। पूर्व वर्षों की तरह अभी भी काम की तलाश में दीगर राज्य जाने का सिलसिला जारी है।
जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि भले ही इस सच्चाई को न स्वीकारें, लेकिन शहर और गांवों के बस स्टेशन, रेलवे स्टेशनों और चौक-चौराहों मसलन बसना-सरायपाली शहर के मुख्य मार्ग पर, राम मंदिर के पास, टैक्सी स्टैण्ड, झिलमिला चौक सहित बैतारी चौक के पास देर शाम अथवा तडक़े सुबह काम की तलाश में पलायन करने वालों को देखा जा सकता है।
सरकार और प्रशासन के लाख दावों के बाद भी महासमुंद जिले के गांवों से मजदूरों का दीगर प्रांत जाना जारी है। यहां के ग्रामीण मजदूरी करने प्रदेश के बहर अन्य प्रांतों में जा रहे हैं। ग्रामीणों के जाने की प्रमुख वजह गांव में पर्याप्त रोजगार मुहैया नहीं हो पाना बताया जा रहा है।
ग्रामीण कहते हैं कि गांव में काम करने वालों को पर्याप्त काम और समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं हो पा रहा है। जिसके चलते लोग अधिक मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में जा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि मजदूरों की आदत है कि वे इस मौसम में दूसरे राज्यों में जाकर काम करते हैं और बारिश शुरू होते ही वापस लौट जाते हैं।
मालूम है कि महासमुंद जिले के दूरस्थ इलाके में ग्रामीणों के जीवन यापन का एकमात्र साधन कृषि है और कृषि कार्य के अलावा शासकीय क्षेत्रों से ही लोगों को यहां रोजगार उपलब्ध हो पाता है। जो अपर्याप्त है। यही कारण है कि रोजी-रोटी की तलाश में ग्रामीण अपना गांव, घर, खेत-खलिहान छोडक़र शहरों या अन्य प्रदेशों की ओर पलायन कर रहे हैं। गर्मी के मौसम में तो कई गांवों में घर-घर तालाबंदी दिखती है। कुछ गांव ऐसे होते हैं, जहां केवल बुजुर्ग ही बच जाते हैं।
महासमुंद जिले के लिए यह कोई नई बात नहीं है। इस जिले में दशकों से यही परंपरा रही है कि दीपावली मनाते ही ग्रामीण मजदूरी के लिए अन्य प्रांतों की ओर रवाना होते हैं। घरों और मवेशियों और छोटे बच्चों की रखवाली के लिए एक दो बुुजुर्गों को छोडक़र घर से तमाम लोग मजदूरी के लिए अन्य प्रांतों में चले जाते हैं।
जिले में कुछ दलाल भी रहते हैं जिनका सीधा संपर्क कंपनियों या उनके मालिकों से है। वे कमीशन के तौर पर मजदूरों को अन्य राज्यों में ले जाकर अपना कमीशन पा जाते हैं। लेकिन वहां जाकर कुछ मजदूर शोषण का भी शिकार होते हैं। जबकि कुछ मजदूरों को तो रोजगार भी नहीं मिल पाता है। कुछ मजदूर लापता भी हो जाते हैं।
बहरहाल जिले में चलन है, खरीफ सीजन के बाद इस साल भी रोजगार और वाजिब मजदूरी न मिलने की वजह से क्षेत्र के ग्रामीण दूसरे राज्यों जैसे केरल, उत्तरप्रदेश, जम्मू, कश्मीर, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, महाराष्ट्र आदि राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं।
कहीं काम की कमी, कहीं समय पर मजदूरी न मिलने जैसी शिकायतें
गांवंों से पलायन रोकने के लिए शासन ने ग्रामीणों को रोजगार देने कई तरह की योजनाएं लागू की हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इन योजनाओं का सही क्रियान्वयन न होने के कारण महासमुंद जिले से प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के भी मजदूर अन्य शहरों या प्रदेशों की ओर जाते हैं। पलायन रोकने के लिए लागू कई योजनाएं भी ग्रामीणों को गांव में मजदूरों को काम नहीं दिला पाई हैं। यदि कहीं काम हुए भी हैं तो वह पर्याप्त नहीं है। कहीं काम की कमी, तो कहीं समय पर मजदूरी न मिलने जैसी शिकायतें अक्सर मिल रहती हैं। इसी प्रकार की स्थिति से जूझते हुए ग्रामीण अब रोजगार की तलाश में अपना घर बार छोडक़र शहरों की ओर कूच करने लगे हैं। ऐसा भी नहीं कि इसके बारे में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जानकारी न हो। बावजूद इसके मजदूरों का काम की तलाश में दीगर प्रांत जाना आज तक रोका नहीं जा सका है।