महासमुन्द

फसल कटाई करते हार्वेस्टर में लगी आग, जलकर राख
01-Dec-2023 3:22 PM
फसल कटाई करते हार्वेस्टर में लगी आग, जलकर राख

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 दिसंबर।
फसल कटाई के दौरान हार्वेस्टर मशीन में अचानक आग लगने से खेत में धान कटाई काम में जुटे लोग घबरा गए। ग्रामीणों के सूझबूझ से जैसे-तैसे आग पर काबू पाया गया। लेकिन जब तक आग बुझाया गया, तब तक हार्वेस्टर पूरी तरह जल गया था।

बागबाहरा की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई, इसलिए महासमुंद से फायर ब्रिगेड की टीम यहां पहुंची, तब तक काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया था। राहत की बात यह रही कि आग की चपेट में कोई नहीं आया और जनहानि नहीं हुई।

मिली जानकारी के अनुसार बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम दारगांव में गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे गांव के दनादर ठाकुर के खेत में हार्वेस्टर से फसल कटाई चल रही थी। इसी दौरान अचानक हार्वेस्टर में आग लग गई। वहां उपस्थित लोग हार्वेस्टर से दूर भागे और आग बुझाने की कवायद करने लगे। 

जैसे-तैसे ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, वहीं कुछ देर बाद महासमुंद से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई। इससे ग्रामीण व किसान किसी को कोई चोट नहीं आई है।


अन्य पोस्ट