महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 दिसंबर। सिर्फ शैक्षणिक डिप्लोमा लेकर अब दुकानदार कृषि दवाएं व बीज नहीं बेच सकेंगे। शैक्षणिक योग्यता के अलावा उन्हें कृषि विभाग द्वारा वर्ष भर के प्रशिक्षण की भी आवश्यकता होगी। इसके लिए अब उप संचालक कृषि द्वारा दवाओं को लेकर 10 दुकानदारों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। वर्षों से कोई भी व्यक्ति केवल लायसेंस के आधार पर कृषि दवाएं बेच लेते थे। अब ऐसे लोगों को कृषि विभाग में 1 साल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महासमुंद के 40 दुकानदार प्रशिक्षण ले रहे हैं।
अब मेडिकल स्टोर की तर्ज पर कृषि विभाग ने भी कड़े नियम बनाए हैं ताकि किसी भी प्रकार से दवाओं की अवैध बिक्री न हो।
मिली जानकारी के अनुसार अब ऐसे व्यापारी खाद, कीटनाशक, बीज नहीं बेच सकेंगे, जिनके पास कृषि रसायन विज्ञान या कृषि विज्ञान में डिग्री या डिप्लोमा न हो। बल्कि उन्हें 1 साल का अतिरिक्त प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा। शासन ने कृषि दवाओं का अवैध कारोबार करने वालों पर लगाम लगाने के लिए ही निर्देश जारी किया है। इस फरमान से इस धंधे से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार वर्षों से अंचल में अनेक कृषि सामग्रियों की दुकानें चल रही हैं। लेकिन इनमें कुछ ही के पास योग्यता है। अब ऐसे लोगों को विभाग 1 साल का आवासीय प्रशिक्षण दे रही है जिसमें उन्हें कृषि विभाग के सभागार में ही प्रशिक्षित किया जा रहा है। कुल 40 लोग प्रशिक्षण ले रहे हैं जिनमें 5 महिलाएं शामिल हैं।